युवा फॉरवर्ड युवराज बाल्मिकी वर्ल्ड सीरीज हॉकी (डब्ल्यूएसएच) में मुंबई मारिंन्स की ओर से खेलेंगे। सोमवार को डब्ल्यूएसएच ने अपने कार्यक्रम के अलावा युवराज के मुंबई फ्रेंचाइजी की ओर से खेलने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि हॉकी इंडिया और इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) इस लीग को गैर मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट घोषित कर चुके हैं। ऐसे में युवा बाल्मिकी का वर्ल्ड कप क्वालीफायर के ठीक बाद 29 फरवरी से शुरू होने वाली इस बागी लीग में खेलने का फैसला काफी रोचक होगा।
मुंबई टीम की कप्तानी सीनियर गोलकीपर एंड्रियन डिसूजा को सौंपी गई है। डिसूजा फिटनेस के कारण राष्ट्रीय टीम के कैंप से बाहर हैं। डब्ल्यूएसएच की विज्ञप्ति के अनुसार युवराज के अलावा उनके भाई देवेंदर भी मुंबई के लिए खेलेंगे। हालांकि एफआईएच ने तय किया है कि इस लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों पर एक साल तक का प्रतिबंध लग सकता है। 34 दिन चलने वाली इंडियन हॉकी फेडरेशन और निंबस की इस लीग में लीग लेवल तक 56 मैच खेलेंगे जाएंगे। जबकि दो सेमीफाइनल और एक फाइनल होगा। फाइनल दो अप्रैल को खेला जाएगा। लीग के मैच चंडीगढ़, पुणे, भोपाल, जालंधर, मुंबई, चेन्नई, बंगलूरू और दिल्ली में खेले जाएंगे।
अमर उजाला ब्यूरो
0
खबर पर अपनी राय दें