भारत में हमेशा ऐसे ही होता है। जब भी खेलों में कोई बड़ा आयोजन होता है, राजनेता इसे पूरी तरह से हाईजैक करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। मंगलवार को जर्मनी का नामी बेयर्न म्यूनिख फुटबाल क्लब भारतीय टीम से प्रदर्शनी मैच खेलेगा। पूर्व खिलाड़ी इस मैच की टिकट खरीदने केलिए धक्के खा रहे हैं जबकि आरोप है कि खेल मंत्री अजय माकन ने भारतीय खेल प्राधिकरण को मिलने वाली 5800 और प्रफुल्ल पटेल ने एक हजार टिकट अपने कब्जे में ले ली हैं।
10 फीसदी टिकट मंत्रालय ने मंगाई
सूत्रों के अनुसार फेडरेशन के साथ हुए करार के तहत किसी बड़े मैच के आयोजन की स्थिति में साई को 10 फीसदी टिकट मिलेंगे। खेल मंत्रालय ने यही दस प्रतिशत टिकट साई को भेजी थी, जिसे मंत्रालय ने मंगा लिया। सिर्फ माकन ही नहीं आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भी इस बड़े मैच को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करने की तैयारी कर ली है।
5800 टिकट दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर
आयोजकों ने करार के मुताबिक 1000 टिकट फेडरेशन को दिए थे। फेडरेशन के सूत्रों के अनुसार पटेल ने यह सभी टिकट मंगा लिए हैं। सोमवार देर रात तक फेडरेशन के अधिकारी टिकट खरीदने के लिए धक्के खा रहे थे। इसके अलावा 5800 टिकट दिल्ली पुलिस के अधिकारी लिए घूम रहे हैं।
पूर्व फुटबॉलर टिकटों के लिए परेशान
अनादी बरुआ, रंजीत थापा और तरुण रॉय जैसे पूर्व फुटबालर टिकट के पाने के लिए फेडरेशन और मीडिया में अपने संपर्कों को लगातार फोन कर रहे थे। रोचक यह था कि वे सभी पैसा देने को तैयार थे लेकिन यह टिकट मिल कहां रहे हैं, उनकी समझ से परे था। हालांकि रविवार दोपहर तक ऑनलाइन करीब चार हजार ही टिकट बिके थे।
अमर उजाला ब्यूरो
0
खबर पर अपनी राय दें