यूरोपीयन फुटबाल में जगह नहीं मिलने के बाद इंग्लिश फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान डेविड बेकहम ने एक बार फिर से अमेरिकी मेजर लीग क्लब लॉस एंजेलिस गैलेक्सी के साथ करार कर लिया है। यह करार दो साल का होगा।
वेबसाइट ‘सॉकरनेट डॉट कॉम’ के मुताबिक 36 वर्षीय बेकहम ने फ्रांसीसी क्लब पेरिस सेंट जर्मेन द्वारा नकारे जाने के बाद बुधवार को अपने पुराने क्लब के साथ करार पर हस्ताक्षर किए।
बेकहम ने यह भी कहा है कि वह यूरोप जाकर अमेरिका में व्यवस्थित अपने परिवार को फिर से अव्यवस्थित नहीं करना चाहते और यही कारण है कि वह पेरिस सेंट जर्मेन के साथ करार को बहुत अधिक इच्छुक नहीं दिखे, जबकि इस करार को लेकर पूरी सम्भावना थी। बेकहम ने अपने बयान में कहा, ‘‘मेरे पास दुनिया भर के कई क्लबों के प्रस्ताव थे लेकिन मैं अमेरिका नहीं छोड़ना चाहता क्योंकि मुझे इस देश से प्यार हो गया है और मैं आने वाले कई वर्षों तक गैलेक्सी के लिए ट्रॉफियां जीतना चाहता हूं।’’
मैनचेस्टर युनाइटेड और रियल मेड्रिड जैसे शीर्ष क्लबों के लिए खेल चुके बेकहम को इस वर्ष लंदने में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए इंग्लिश टीम में शामिल किया जा सकता है और इसके लिए उनका लगातार खेलते रहना जरूरी है। यही कारण है कि बेकहम फुटबाल से विराम नहीं लेना चाहते थे। एक और कारण बेकहम को यूरोप या कहीं और जाने रोक रहा था और वह कारण खुद उनकी पत्नी विक्टोरिया हैं। विक्टोरिया ने अमेरिका में अपना फैशन ब्रांड शुरू किया है और वह काफी सफल हो चुका है।
इसके अलावा उनके बच्चे अब अमेरिका में पढ़ाई शुरू कर चुके हैं, ऐसे में विक्टोरिया अपने पति के साथ कहीं और जाकर अपने व्यवसाय और बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित नहीं करना चाहती थीं।
0
खबर पर अपनी राय दें