जर्मनी के नामी फुटबाल क्लब बेयर्न म्यूनिख के सोमवार शाम को नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के साथ ही खेल प्रेमियों का इंतजार भी खत्म हो जाएगा। यूरोप का प्रसिद्ध क्लब मंगलवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ऑडी फुटबाल समिट के तहत भारतीय टीम के साथ एक प्रदर्शनी मैच खेलेगा। स्टार बाइचुंग भूटिया का यह आखिरी मैच होगा। भूटिया ने इसे अपने लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया है। क्लब के साथ करीब 20 जर्मन फुटबाल पत्रकारों की एक टीम भी आ रही है।
मैच का आयोजन करने वाली कंपनी के अधिकारी के अनुसार दिल्ली पहुंचने के बाद क्लब का कोई अभ्यास कार्यक्रम नहीं है लेकिन कुछ खिलाड़ी मीडिया के मुखातिब होंगे। इसके बाद वे सीधे दस तारीख को मैच खेलेंगे। टीम के साथ उसके फिलिप लाम, अर्जेन रॉबेन, फ्रेंक रिबेरी, थॉमस मुलर और बुंडसलीगा में सबसे अधिक गोल करने वाले मारियो गोम्स जैसे बड़े खिलाड़ियों के आना भी खबर है। उल्लेखनीय है कि इस मैच से एकत्र होने वाली राशि सिक्कम के आए भूकंप पीड़ितों को दी जाएगी।
इस मैच को लेकर भूटिया खासे उत्साही हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में चलन है कि खिलाड़ी फुटबाल प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट खेलने के बाद रिटायरमेंट लेते हैं लेकिन उन्हें यह मौका नहीं मिला। ऐसे में विदाई मैच बेयर्न म्यूनिख जैसे क्लब के खिलाफ होना उनके लिए बहुत ही बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस मैच को लेकर वह अपनी भावनाएं व्यक्त करने की स्थिति में नहीं है क्योंकि यह उनके लिए बहुत ही भावुक पल है। उन्होंने पिछले 16 राष्ट्रीय टीम के साथ बिताए। ऐेसे में उसके साथ आखिरी बार खेलना यकीनन सुकून देने वाला होगा।
0
खबर पर अपनी राय दें