मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद ने बुधवार को घोषणा की कि वह सभी पार्टियों को साथ लेकर एक गठबंधन सरकार गठित करेंगे। नई सरकार में पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद की मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) भी शामिल होगी।
सरकार गठन को वार्ता जारी
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मंगलवार को राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए वहीद ने कहा कि राष्ट्रीय एकता वाली सरकार गठित करने के लिए बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि वह देश के विभिन्न भागीदारों के साथ गठबंधन की भावना से काम करेंगे। उनके साथ मिलकर वह एक स्थिर लोकतांत्रिक देश बनाने की स्थिति में होंगे, जहां व्यक्तिगत आजादी का सम्मान होगा और ऐसे संविधान का संरक्षण व सम्मान होगा, जो हमारे लोगों के अधिकारों से संबंधित विधेयक को गारंटी दे। वहीद ने कहा कि वह सभी प्रमुख पार्टियों के साथ परामर्श कर रहा हैं। उनकी एमडीपी के अध्यक्ष के साथ साथ अन्य पार्टी प्रमुखों के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं।
वहीद 2013 तक रहेंगे राष्ट्रपति
ज्ञात हो कि माले के रिपब्िलक चौक पर लगातार तीन सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शनों में पुलिस के भी शामिल हो जाने के बाद मोहम्मद नशीद ने मंगलवार को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीद, राष्ट्रपति नशीद के प्रशासन में उपराष्ट्रपति थे। वह 2013 में अगले राष्ट्रपति चुनाव तक राष्ट्रपति पद पर बने रहेंगे। वहीद ने कहा कि दिन की समाप्ति तक उन्हें इस बारे में पता चल पाएगा कि राष्ट्रीय एकता वाली सरकार के गठन के लिए कितनी पार्टियां उनके साथ जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बीच सरकार, देश के संबंधित संस्थानों के स्वतंत्र लोक सेवकों की मदद से अपना काम जारी रखेगी।
0
खबर पर अपनी राय दें