पाकिस्तान के खुर्रम कबायली क्षेत्र में शुक्रवार को एक शिया मसजिद के बाहर हुए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या 36 तक पहुंच गई है। कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी है। हमले के विरोध में शनिवार को यहां दुकानें और बाजार बंद रहे। प्रतिबंधित तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के एक गुट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। गुट के कमांडर ने कहा कि शिया समुदाय को निशाना बनाया गया क्योंकि ये लोग कथित तौर पर लड़ाकों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल थे।
भारतीय मूल के कमल बावा को पुरस्कार
वाशिंगटन। यूनिवर्सिटी ऑफ मेसाच्यूसेट्स बोस्टन में जीव विज्ञान के प्रोफेसर कमल बावा को 2012 के गनरस सस्टेनबिलिटी अवार्ड के लिए चुना गया है। यूनिवर्सिटी ने नार्वेजियन सोसायटी ऑफ साइंसेस एंड लेटर्स (डीकेएनवीएस) द्वारा की गई घोषणा के हवाले से कहा है कि बावा को इस पुरस्कार के तहत गनरस स्वर्ण पदक और नार्वे के 10 लाख क्रोनोर (लगभग 190,000 डॉलर) एक समारोह में प्रदान किए जाएंगे। समारोह नार्वे के ट्रोंडहेम में आयोजित होगा। बावा बंगलूरू स्थित गैर सरकारी थिंक टैंक, अशोका ट्रस्ट फॉर रिसर्च इन इकोलॉजी एंड एनवायरमेंट (एट्री) के संस्थापक और उसके अध्यक्ष के रूप में भी जाने जाते हैं।
सीरिया के आसमान में अमेरिकी ड्रोन तैनात
वाशिंगटन। असद सैनिकों द्वारा वहां के आम नागरिकों पर किए जाने वाले हमलों की निगरानी के लिए अमेरिका ने सीरिया के आसमान में ड्रोन विमान तैनात किए हैं। एनबीसी न्यूज की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। पेंटागन के एक अधिकारी के हवाले से चैनल ने बताया कि अमेरिकी सेना फिलहाल वहां हमला नहीं करेगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां ऐसी हुईं तो ऐसा संभव है।
हिमस्खलन से नीदरलैंड के राजकुमार घायल
द हेग। नीदरलैंड्स के राजकुमार जोहान फ्रिस्को को शुक्रवार को पश्चिमी आस्ट्रिया में हुए हिमस्खलन में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने नीदरलैंड्स सरकार की सूचना सेवा आरवीडी के हवाले से लिखा है कि फ्रिस्को पश्चिम आस्ट्रिया में हिमस्खलन में दब गए थे, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर थी। यह घटना लेच शहर के पास लिटजेन-जुर्गेटबेल की है, जहां 43 वर्षीय राजकुमार स्कीइंग कर रहे थे।
आग बबूला हुआ पाक
इसलामाबाद। अमेरिकी संसद में बलूचिस्तान पर पेश प्रस्ताव के विरोध में पाक ने नाराजगी जताई है। पाक के शीर्ष नेताओं ने इस प्रस्ताव को नकार दिया है। प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस प्रस्ताव की निंदा करते हुए इसे देश की संप्रभुता पर हमला करार दिया है। विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि यह प्रस्ताव अंतरराष्ट्रीय कानून और यूएन चार्टर के विरुद्ध है।
लादेन का पता देने वाले डॉक्टर को पुरस्कार
वाशिंगटन। अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी ओसामा बिन लादेन का सुराग देने वाले पाकिस्तान के डॉक्टर शकील अफरीदी को अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अमेरिकी संसद की विदेश मामलों की एक उप समिति के अध्यक्ष डाना रोहराबेकर ने डॉ. अफरीदी को संसदीय गोल्ड मेडल पुरस्कार से सम्मानित करने और उन्हें अमेरिकी नागरिक घोषित करने के लिए प्रतिनिधिसभा में एक विधेयक पेश किया है।
0
खबर पर अपनी राय दें