पहली बार कोई व्यक्ति पृथ्वी के वायुमंडल से ऊपर अंतरिक्ष से बिना किसी मशीन की मदद के कूदने की योजना बना रहा है। आस्ट्रियाई नागरिक फेलिक्स बॉमगार्टनर को एक गुब्बारे के जरिए पृथ्वी से 36.5 किलोमीटर ऊपर पहुंचाया जाएगा। इतनी ऊंचाई से धरती की ओर छलांग लगाते समय फेलिक्स एक दबाव वाला सूट पहने होंगे और जब वह छलांग लगाएंगे तो संभव है कि ध्वनि की गति से भी तेज गति से पृथ्वी की ओर आएं।
ऊंचाई पर तापमान सामान्य से 70 डिग्री नीचे
इस सूट में विशेष एयर प्रेशर बनाकर रखा जाएगा और सांस लेने के लिए ऑक्सीजन की सप्लाई होगी। यह उसी तरह का सूट होगा जैसा अंतरिक्ष यात्री पहनते हैं, लेकिन यह उससे ज्यादा मजबूत और लचीला होगा। इस सूट को अत्यंत ठंड से भी बचाना होगा क्योंकि उस ऊंचाई पर तापमान सामान्य से 70 डिग्री नीचे यानी -70 डिग्री सेंटीग्रेड हो जाता है। उनके साथ इस योजना पर काम कर रहे इंजीनियरों का कहना है कि सभी परीक्षण किए जा चुके हैं।
फेलिक्स इस कारनामे को अंजाम देंगे
जैसी परिस्थितियों का बॉमगार्टनर को सामना करना पड़ सकता है उसका अभ्यास भी किया गया है और सभी उपकरण तैयार हैं। फेलिक्स इससे पहले मलयेशिया के पट्रोनास टावर से सफलता पूर्वक छलांग लगा चुके हैं। फेलिक्स इस वर्ष ही इस कारनामे को अंजाम देंगे। फेलिक्स बॉमगार्टनर का कहना है, ‘इसका मतलब है कि मैं यह करतब दिखा सकता हूं।’ इस छलांग में फेलिक्स का सबसे अहम उपकरण उनका सूट ही होगा।
पहले भी कोशिश की गई पर सफलता नहीं
उल्लेखनीय है कि बिना किसी मशीन की मदद से अभी तक इतनी अधिक ऊंचाई से छलांग लगाने की कई लोगों ने इससे पहले कोशिशें की हैं, पर किसी को सफलता नहीं मिली है। ब्रिटेन की रॉयल फोर्स के विमानन चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष ग्रुप कैप्टन डेविड गैडवेल इसे जोखिम भरा चुनौतीपूर्ण प्रयास बताते हैं। गैडवेल ने बीबीसी को बताया कि फेलिक्स बहुत तेजी से गिर रहे होंगे, इस लिए उन्हें ध्यान रखना होगा कि वे स्थिर रहें, ताकि वे नियंत्रण न खो दें। उन्हें अपने प्रेशर हेलमेट से देखना होगा कि आसपास क्या हो रहा है, ताकि वह पैराशूट का ठीक से इस्तेमाल कर सकें।
0
खबर पर अपनी राय दें