अमेरिका के राष्ट्रपति चुनावों से पहले रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव के लिए हो रहे प्राइमरी और कॉकस चुनावों में विजयी लहर पर सवार होकर चल रहे मिट रोमनी को उस समय करार झटका लगा जब कोलेराडो, मिनेसोटा के कॉकस और मिसौरी के प्राइमरी में रिक सेंटोरम ने भारी जीत दर्ज कर ली। अमेरिका के इन तीनों प्रांतों में बुधवार को हुए चुनावों में सेंटोरम ने भारी बढ़त के साथ जीत दर्ज कराई।
कंजरवेट्जिम अभी भी जीवित है
कोलेराडो और मिसौरी में रोमनी द्वितीय स्थान पर आए जबकि मिनेसोटा में रॉन पौल ने उन्हें तीसरे स्थान पर धकेलते हुए दूसरे स्थान पर जगह बनाई। अपने धुर दक्षिणपंथी विचारों के लिए जाने जाने वाले सेंटोरम ने तीन जनवरी को आयोवा कॉकस जीत कर अपनी अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद से वह दौड़ में लगातार पिछड़ते गए। सेंटोरम ने मिसौरी के सेंट चार्ल्स में आयोजित एक जश्न पार्टी में बेहद उत्साहित मुद्रा में कहा, कंजरवेट्जिम अभी भी जीवित है और अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। इन तीनों प्रांतों में जीत दर्ज कराने के बाद अब वह प्राइमरी चुनावों में खुद को एक मजबूत दावेदार के रूप में पेश कर पाएंगे।
उन्होंने अभी भी हिम्मत नहीं हारी है
सेंटोरम ने अपने भाषण में कहा, मैं मिट रोमनी के लिए एक कंजरवेटिव उम्मीदवार के तौर पर चुनौती नहीं बनना चाहता हूं बल्कि एक कंजरवेटिव उम्मीदवार के तौर बराक ओबामा के समक्ष चुनौती पेश करना चाहता हूं। सेंटोरम के हाथों मिली इस करारी हार से सदमे में आए रोमनी ने कोलेराडो के डेनवर में संवाददाताओं से मुखातिब होते हुए सेंटोरम को बधाई दी और कहा कि उन्होंने अभी भी हिम्मत नहीं हारी है और वह अपना प्रचार अभियान जारी रखेंगे।
मतदाताओं को लुभाने के लिए अनापशनाप बयान
रोमनी ने कहा यह अंतिम अंदाजा लगाने के लिए बहुत जल्दबाजी होगी, अभी राह बहुत लंबी है। सेंटोरम को इस भारी जीत के बाद रोमनी की ओर से और भी तगडे़ मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है। रोमनी की भारी प्रचार मशीन अब सेंटोरम के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान छेड़ सकती है। उल्लेखनीय है कि सेंटोरम अपने प्रचार अभियान में दक्षिणपंथी मतदाताओं को लुभाने के लिए अनापशनाप बयान देते आए हैं। उन्होंने कुछ समय पहले कहा था कि अगर वह अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाते हैं तो यकीनन ईरान पर बम गिरा देंगे।
0
खबर पर अपनी राय दें