भारत के विदेश सचिव रंजन मथाई अगले सप्ताह अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं, जहां शीर्ष अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय मसलों के अलावा भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु करार, ईरान पर प्रतिबंध तथा पाक अफगान स्थिति पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मथाई का तीन दिवसीय अमेरिका दौरा छह फरवरी को शुरू होगा। यह विदेश सचिव के तौर पर उनका पहला अमेरिका दौरा होगा। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के अंतर्गत आने वाले सभी मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर मथाई के इस दौरे के दौरान चर्चा होगी।
इस दौरान भारत अमेरिका असैन्य परमाणु डील, अफपाक स्थिति पर तो चर्चा की ही जाएगी साथ ही ईरान पर लगे प्रतिबंधों को लेकर भी भारत के साथ स्पष्ट समझ विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिका के नए रक्षा विधेयक में ईरान के साथ व्यापारिक संबंध रखने वाले विदेशी देशों की एकल कंपनियों पर लगाम लगाने का प्रावधान है। अमेरिका इस मसले पर अपने सभी सहयोगी देशों के बीच आम सहमति कायम कर उन्हें साथ लेकर चलने का प्रयास कर रहा है।
0
खबर पर अपनी राय दें