अमेरिकी दौरे पर गए भारत के विदेश सचिव रंजन मथाई ने बुधवार को विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से मुलाकात की। द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर उन्होंने विदेश मंत्रालय व व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ कई बैठकें की।
बतौर विदेश सचिव पहली द्विपक्षीय यात्रा पर अमेरिका गए मथाई को ईरान, तालिबान के साथ शांति वार्ता समेत कई अन्य क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट करना है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने कहा कि मथाई के साथ क्लिंटन की बैठक यह स्पष्ट करने के लिए थी कि मुद्दों की पूरी रेंज पर हम विचार विमर्श का समर्थन करते हैं। भारत-अमेरिका की रणनीतिक वार्ता को वे आगे की ओर देख रही हैं।
राजनैतिक मामलों के उप मंत्री विंडी शेरमैन ने मथाई के लिए बैठक आयोजित की, जिसमें राजनैतिक सैन्य मामलों के सहायक मंत्री एंड्रयू शेपिरो, दक्षिणी और मध्य एशिया क्षेत्र के सहायक मंत्री राबर्ट ब्लेक तथा नागरिक सुरक्षा, लोकतंत्र और मानवाधिकारों के उप मंत्री मारिया ओटेरियो समेत विदेश मंत्रालय के कई उच्च अधिकारियों ने शिरकत की। अमेरिका में भारतीय राजदूत निरुपमा राव ने शाम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के लिए डिनर का आयोजन किया। इससे पूर्व डा. शंभू एन बानिक के नेतृत्व में भारतीय अमेरिकी समुदाय के नेताओं ने भारत के विदेश सचिव रंजन मथाई से मुलाकात की।
0
खबर पर अपनी राय दें