मुसीबतें हैं कि पीछा ही नहीं छोड़ रही हैं। विक्रमादित्य मोटवाने के निर्देशन में बन रही फिल्म लुटेरा की शूटिंग का पहला शिड्यूल डलहौजी में रखा गया था, लेकिन इस फिल्म की यूनिट को आधी अधूरी शूटिंग छोड़कर मुंबई लौटना पड़ा। इसकी वजह यह थी कि मौसम उनका साथ नहीं दे रहा था। बर्फीले अंधड़ शुरू होने की वजह से प्रोडक्शन हाउस को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
सर्दी में शूटिंग करने से हालत खराब
इसके बाद निर्णय लिया गया कि जब तक डलहौजी का मौसम शूटिंग करने लायक नहीं हो जाता, तब तक लुटेरा की शूटिंग पश्चिम बंगाल में की जाए। पूरी कास्ट और क्रू पश्चिम बंगाल की लोकेशन पर पहुंच गई, तो पता चला कि यहां भी कोहरे और भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। दो चार दिन की शूटिंग के बाद यूनिट के सदस्यों को दिक्कतें होनी शुरू हो गईं। फिल्म की हीरोइन सोनाक्षी सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आईं। सर्दी में शूटिंग करने से उनकी हालत खराब हो गई।
शूटिंग के दौरान इकट्ठी हुई भीड़ ने भी यूनिट की नाक में दम कर दिया। चूंकि इस फिल्म की शूटिंग के लिए कोलकाता से काफी दूर एक गांव की लोकेशन चुनी गई थी, इसलिए कलाकारों को किसी भी किस्म की सुविधा नहीं मिल पाई। जैसे ही स्थानीय लोगों को पता चला कि फिल्म दबंग की हीरोइन शूटिंग कर रही है, बड़ी संख्या में लोगों ने लोकेशन पर आना शुरू कर दिया। निर्देशक विक्रमादित्य के लिए यह एक नई समस्या थी। खैर, इस समय सारे कलाकार और तकनीशियन कोलकाता के एक होटल में आराम फरमा रहे हैं और मौसम के अनुकूल होने का इंतजार कर रहे हैं।
0