विक्रम भट्ट की फिल्म डेंजरस इश्क में तो करिश्मा कपूर हीरोइन हैं ही, वे प्रभु देवा के निर्देशन में बन रही फिल्म रावडी राठौड़ में एक आइटम डांस भी करने जा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस आइटम में वे अक्षय कुमार और नसीरुद्दीन शाह के साथ ठुमके लगाएंगी।
इधर जब करिश्मा को यह आइटम डांस ऑफर किया गया, तो उन्होंने इसे करने में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। लेकिन जब हाल ही में चिकनी चमेली और ऊ ला ला जैसे आइटम धूम मचाते दिखे, तो उन्होंने फौरन इसे साइन कर लिया। बता दें कि फिल्म जमानत में करिश्मा ने आखिरी बार काम किया था। इसके बाद उनकी शादी हो गई थी।
गृहस्थी बसाने के बाद दोबारा करिश्मा ने अभिनय के मैदान में वापसी की इच्छा जताई, तो कई निर्माता और निर्देशकों के उन्हें प्रस्ताव मिलने शुरू हो गए। खैर, लोलो के आइटम की शूटिंग जल्द ही होने जा रही है। उल्लेखनीय यह भी है कि उनके इस खास गाने की कोरियोग्राफी खुद प्रभु देवा करने जा रहे हैं।
0