ऋतिक रोशन को अग्निपथ की इतनी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं थी। इस फिल्म के प्रदर्शन के बाद से उनके मोबाइल फोन की घंटी थमने का नाम नहीं ले रही है। उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। उनसे पार्टी की मांग की जा रही है। इन दिनों वे अपने बैनर की फिल्म कृष 3 की शूटिंग हैदराबाद में कर रहे हैं। यहां भी उनसे पार्टी की मांगी जा रही है।
हाल ही में उन्होंने हैदराबाद की एक लोकेशन पर कृष 3 से जुड़े तकनीशियनों और कलाकारों को जबर्दस्त पार्टी दी। इसकी वजह यह थी कि अग्निपथ की हीरोइन प्रियंका चोपड़ा भी ऋतिक के साथ ही हैदराबाद में मौजूद थी। सब जानते ही हैं कि पीसी ही कृष 3 में ऋतिक की हीरोइन हैं। अग्निपथ के हीरो और हीरोइन को साथ देखकर यूनिट के लोगों ने जब जश्न मनाने की गुजारिश की, तो भला ऋतिक मना कैसे कर देते।
इधर ऋतिक के नजदीकी सूत्रों की मानें, तो हैदराबाद से मुंबई लौटते ही उन्हें एक बार फिर पार्टी देनी है। ऐसे बहुत से दोस्तों को वे पार्टी नहीं दे पाए हैं, जो उनके बेहद करीबी हैं। लेकिन ऋतिक को इस बार पार्टी देने में बहुत मजा आ रहा है। वे खुद भी चाहते हैं कि दोस्तों के बहाने वे भी सक्सेज का भरपूर लुत्फ उठाएं। इस मामले में उनकी जुबान पर एक ही वाक्य होता है, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा!!
0