आमिर खान ने भी अब सलमान खान के पदचिह्नों पर चलने का फैसला कर लिया है। जैसे सल्लू नई प्रतिभाओं को मौका देते रहते हैं, उसी तरह आमिर भी नए टेलेंट को प्रमोट करने जा रहे हैं। खबर है कि आमिर ने जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ को बतौर हीरो मौका देने की योजना बनाई है।
सूत्रों की मानें, तो उनकी कंपनी टाइगर को लेकर 2013 में फिल्म बनाएगी। आमिर टाइगर से काफी प्रभावित हैं। दरअसल टाइगर की बॉडी कमाल की है। वे बचपन से ही मार्शल आर्ट सीख रहे हैं। उनकी लगन देखकर ही आमिर ने अभिनय के क्षेत्र में मौका देने का फैसला किया है।
हालांकि आमिर से पहले टाइगर श्रॉफ को लेकर सुभाष घई ने भी फिल्म बनाने की इच्छा जाहिर की थी। घई टाइगर को लेकर अपने बैनर तले बनी सुपर हिट फिल्म हीरो की रीमेक करना चाह रहे थे। दो दशक से भी पहले घई ने ही टाइगर के पिता जैकी श्रॉफ को अपनी इस फिल्म में बतौर हीरो मौका दिया था। लेकिन टाइगर श्रॉफ ने इस रीमेक फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया है।
टाइगर का कहना है कि वे अपनी पहली ही फिल्म में अपने पिता से मुकाबला नहीं करना चाहते हैं। अगर वे हीरो की रीमेक में काम करेंगे, तो सभी उनके पिता से उनकी तुलना करेंगे। आमिर खान द्वारा उन्हें लेकर फिल्म बनाने की खबर से वे बहुत खुश हैं। उनका कहना है कि वे आमिर के बहुत बड़े फैन हैं। अगर वे उन्हें लेकर फिल्म शुरू करते हैं, तो इससे बढ़कर उनके अभिनय कैरियर के लिए कुछ नहीं हो सकता।
0