सात माह के शिखर पर पहुंचा घरेलू शेयर बाजार मुनाफावसूली की तगड़ी मार से एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट लेकर बंद हुए। रीयल्टी, धातु, बैकिंग और पावर वर्ग के शेयरों में बिकवाली से बीएसई का सेंसेक्स 283.36 अंक कमजोर होकर 18,145.25 अंक पर और एनएसई निफ्टी 101.80 अंक का गोता लगा कर 5,505.35 अंक बंद हुआ। बीएसई का मिडकैप 228.65 अंक नीचे 6,375.69 अंक पर और स्मॉलकैप 233.06 अंक नीचे 6,969.06 अंक पर बंद हुआ। बीएसई समूह में आईटी को छोड़कर अन्य सभी वर्ग घाटे में रहे।
सरकार की ओर से अगले वित्त वर्ष में 7.5 से 8 फीसदी की विकास दर का अनुमान बाजार को तेजी नहीं दे पाया। विदेशी बाजारों में छाई सुस्ती ने भी घरेलू स्तर पर निवेश धारणा को कमजोर बनाया। सेंसेक्स की शुरुआत हालांकि करीब 63 अंको की तेजी के साथ 18,490.87 पर हुई और बीच कारोबार में वह 18,523.78 अंक की ऊंचाई तक गया, पर बिकवाली के दबाव में बढ़त जल्द ही गिरावट में बदल गई और 18,095.81 अंक के नीचे तक उतरकर आखिर में पिछले दिवस के 18428.61 अंक की तुलना में 283.36 अंक नीचे 18,145.25 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी ने 5,609.75 अंक पर स्थिर शुरूआत की। कारोबार के दौरान यह 5,629.95 अंक की ऊंचाई 5,491.35 अंक के निचले स्तर को छूने के बाद आखिर में 101.80 अंक गिरकर 5,505.35 अंक पर सिमटा।
बीएसई में कुल 3,083 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें से 769 लाभ में और 2,208 नुकसान में रहीं । बाकी 108 कंपनियों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में टीसीएस 1.48 प्रतिशत मुनाफे के साथ सबसे ऊपर रही। इसके साथ ही सनफार्मा ने 1.24 फीसदी, आईटीसी 0.60, इनफोसिस 0.53, ओएनजीसी 0.19 और एचडीएफसी बैंक ने 0.12 फीसदी मुनाफा कमाया। दूसरी तरफ नुकसान उठाने वालों में एसबीआई 7.91 फीसदी, डीएलएफ 7.69, स्टरलाइट 6.62, जिंदल स्टील 4.82, हिंडाल्को 4.73, टाटा स्टील 4.25, टाटा पावर 3.85, भेल 3.57, आईसीआईसीआई बैंक 3.42, एयरटेल 3.33 महिंद्रा 2.39, एचडीएफसी 2.09, एनटीपीसी 1.91, गेल इंडिया 1.64, एलएंडटी 1.50, टाटा मोटर्स 1.27, सिप्ला 1.02, आरआईएल 1.02, हिन्दुस्तान यूनि 0.97, कोल इंडिया 0.89, बजाज ऑटो 0.55, विप्रो 0.32, मारुति 0.23 और हीरो मोटोकॉर्प 0.14 प्रतिशत के नुकसान में रही।
0
खबर पर अपनी राय दें