सर्च इंजन याहू का संचालन करने वाली अमेरिकी कंपनी याहू इंक का कुल कारोबार मौजूदा वर्ष की अंतिम तिमाही में घटकर 1.17 अरब डॉलर रह गया है। कंपनी ने इससे पिछले वर्ष की इसी अवधि में कुल 1.205 अरब डॉलर का कारोबार किया था। याहू के मुख्य वित्तीय अधिकारी टिम मोर्स ने कहा कि ग्लोबल अर्थ व्यवस्था, विशेषकर यूरोप में कंपनी का कारोबार घटा है। विज्ञापन से प्राप्त आय में गिरावट आई है। कंपनी ने कहा है कि 31 दिसंबर 2011 को समाप्त तिमाही में कुल आय 29 करोड 60 लाख डॉलर रही है। इससे पिछले वर्ष की इसी अवधि में कुल आय 31 करोड़ 20 लाख डॉलर दर्ज की गई थी।
विजया बैंक का मुनाफा 18.14 फीसदी घटा
सार्वजनिक क्षेत्र के विजया बैंक ने 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही में 124 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 152 करोड़ रुपये की तुलना में 18.14 प्रतिशत कम है। बैंक ने बताया कि हालांकि इस तिमाही में कुल आय 37.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,174 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि वित्त वर्ष 2010-11 की समान अवधि में यह 1,584 करोड़ रुपये रही थी। तिमाही में बैंक की ब्याज आय 38.84 प्रतिशत चढ़कर 2,058 करोड़ रुपये पर रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की आलोच्य अवधि में यह राशि 1,483 करोड़ रुपये रही थी। हालांकि इस तिमाही में बैंक की कुल गैर निष्पादित संपत्तियों में 66.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और वित्त वर्ष 2010-11 की समान अवधि में 599 करोड़ से बढ़कर 997 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
यूनियन बैंक का एनपीए बढ़ा
सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में गैर निष्पादित परिसपंतियां (एनपीए) 80.22 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,879 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 1597 करोड़ रुपये रहा था। बैंक ने बताया कि शुद्ध लाभ 66.03 प्रतिशत लुढ़ककर 197 करोड़ रुपये रह गया है, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 579.57 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया गया था। वित वर्ष 2011-12 की 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में बैंक की कुल आय 27.99 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,966.82 करोड़ रुपये हो गई है। वित्त वर्ष 2010-11 की इसी अवधि में कुल आय 4,693.06 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी। बैंक के अनुसार 31 दिसंबर 2011 को समाप्त तिमाही में ब्याज से प्राप्त आय 5,375 करोड़ रुपये रही है। दिसंबर 2010 में ब्याज से प्राप्त आय 4,200 करोड़ रुपये थी।
बायोकॉन का मुनाफा गिरा
दवा कंपनी बायोकॉन का शुद्ध लाभ मौजूदा वित्त वर्ष में 15.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.85 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष में 100.76 करोड़ रुपये का समग्र मुनाफा कमाया गया था। कंपनी के अनुसार वित्त वर्ष 2011-12 की 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में कुल आय 2.7 प्रतिशत बढ़कर 532 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2010-11 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 518 करोड़ रुपये था।
0
खबर पर अपनी राय दें