|  English News  |  Education  |  AUMobile  |  Result
au
    Wednesday, May 23, 2012  |  Last Update - 2:45 PM IST
कॉर्पोरेट
  आप यहाँ हैं: होम » कारोबार » कॉर्पोरेट

विप्रो के मुनाफे में 10 फीसदी बढ़त

बंगलूरू।
Story Update : Saturday, January 21, 2012    12:31 AM
Wipros profits rise 10 percent

सूचना प्रौद्योगिकी के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी विप्रो लिमिटेड का शुद्ध लाभ 31 दिसंबर 2011 को समाप्त तीसरी तिमाही में 10 फीसदी वृद्धि के साथ 14,556 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने तिमाही परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि बीती तिमाही में उसकी कुल आय भी 28 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 9,997 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें आईटी कारोबार से अर्जित परिचालन आय की हिस्सेदारी 20.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सबसे ज्यादा 7,608 करोड़ रुपये रही। कंपनी के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी ने तिमाही नतीजों पर कहा कि हम करोबार बढ़ाने के लिए अपनी रणनीति पर लगातार अमल कर रहे हैं। हालांकि आर्थिक परिदृश्य को लेकर अनिश्चितता बने रहने के कारण हालात पर पैनी नजर भी रखे हुए हैं। कंपनी के कार्यकारी निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी सुरेश सेनापति ने कहा कि ग्राहक कंपनियों के साथ कारोबार बढ़ाने की हमारी रणनीति के लगातार बेहतर नतीजे आ रहे हैं। अकेले छह कंपनियों से ही हमने 10 करोड़ डॉलर की कमाई की है। उन्होंने माना कि डॉलर के मुकाबले रुपये में आई कमजोरी से कंपनी की विदेशी आय में बढ़ोतरी हुई है।

आईटीसी का मुनाफा 22.45 फीसदी बढ़ा
एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आईटीसी ने मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 22.45 प्रतिशत अधिक 1,700.98 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 1,389.08 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी के अनुसार वित्त वर्ष 2011-12 की दिसंबर में समाप्त हुई तिमाही में कुल आय 6,532.96 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। यह वित्त वर्ष 2010-11 की तीसरी तिमाही की कुल आय 5,665.41 करोड़ रुपये से 15.30 प्रतिशत अधिक है।

आईएफसीआई का मुनाफा 25 फीसदी घटा
बुनियादी क्षेत्र के लिए वित्त उपलब्ध कराने वाली कंपनी आईएफसीआई लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष में गत 31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में 114 करोड़ रुपये का लाभ कमाया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 153 करोड़ रुपये की तुलना में 25 प्रतिशत कम है। कंपनी के मुताबिक पूंजी बाजार में गिरावट की वजह से शेयरों की बिक्री में कम लाभ के कारण उसके मुनाफे में कमी आई है। कंपनी ने तीसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय 680 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2010-11 की समान अवधि में 638 करोड़ रुपये की तुलना में 6.58 प्रतिशत अधिक है। 31 दिसंबर 2011 की स्थिति में उधार 10.6 प्रतिशत बढ़कर 21,297 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि 31 मार्च 2011 में यह राशि 19,265 करोड़ रुपये रही थी।

एक्साइड के मुनाफे में 16.17 फीसदी गिरावट
बैटरी बनाने वाली कंपनी एक्साइड इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शुद्ध लाभ बीती तिमाही में 16.17 प्रतिशत घटकर 104.3 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2010-11 की इसी अवधि में उसने 124.42 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। हालांकि आलोच्य अवधि में कंपनी की कुल आय 31 दिसंबर 2010 को समाप्त तिमाही के 1,083.3 करोड़ रुपये की तुलना में 16.32 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,260.17 करोड़ रुपये रही। कंपनी ने अमेरिका की ईस्ट पेन मैन्यूफेक्चरिंग कंपनी के साथ तकनीकी सहयोग के लिए करार किया है। ईस्ट पेन उच्च गुणवत्ता वाली लेड और एसिड बैटरियां तथा ऑटो, संचार और ऊर्जा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बनाने वाली अग्रणी अमेरिकी कंपनी है।

एनआईआईटी को 40.7 करोड़ मुनाफा
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़ी शिक्षा प्रदान करने वाली कंपनी एनआईआईटी लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 40.7 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी ने बताया कि इस तिमाही उसका कुल कारोबार 15 प्रतिशत बढ़कर 239 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि वित वर्ष 2010-11 की समान अवधि में यह 207.9 करोड़ रुपये रहा था।


0

print

खबर पर अपनी राय दें

नाम    
ईमेल    
शहर    

   
कोड     
कॉर्पोरेट की अन्य ख़बरें
प्रमुख ख़बरें
स्पेशल स्टोरी
Copyright © 2012 Amar Ujala Publications Ltd.
All Rights Reserved.
Address: C-21, Sector-59, Noida-201301
Telephone No : +91-120-4694000
To Advertise (Print)   : Mediakit
To Advertise (Online) : +91-120-4694132