जापान की आटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी निसान मोटर कंपनी ने मेक्सिको में दो अरब डॉलर की लागत से तीसरा संयंत्र लगाने की घोषणा की है। अमेरिका में निसान के आपरेशंस के उप प्रमुख बिल क्रुगर ने बताया कि आग्वसकालिएंटस में प्रस्तावित इस संयंत्र से 3000 नए रोजगार सृजित होंगे और इसके साथ लगभग 3000 नए पदों को सृजित करने में सहायता मिलेगी।
कंपनी के दो अन्य संयंत्र आग्वसकालिएंटस एवं कुर्नेवाका में हैं। तीसरे संयंत्र के बाद मेक्सिको में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 13,500 हो जाएगी। नए संयंत्र की क्षमता प्रति वर्ष 175,000 छोटी कारों के निर्माण की है। इसका निर्माण गर्मियों में शुरू हो जाएगा और उम्मीद है कि दिसंबर 2013 से उत्पादन प्रारंभ हो जाएगा।
मेक्सिको में 1961 से मौजूद निसान लगातार तीसरे साल 2011 में देश की शीर्ष वाहन निर्माता कंपनी बनी हुई है। यहां के बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 24.8 फीसदी थी। पिछले वर्ष कंपनी के दो संयंत्रों से 607,087 वाहनों का उत्पादन हुआ जिसमें 411,661 का निर्यात अमेरिका, ब्राजील एवं दक्षिण अमेरिका के अन्य देशों में किया गया। निसान ने कहा कि मेक्सिको में तीसरे संयंत्र की स्थापना अमेरिका में विस्तार की रणनीति के तहत किया गया गया है।
0
खबर पर अपनी राय दें