देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड का शुद्ध लाभ 31 दिसंबर 2011 को समाप्त तिमाही में 64 प्रतिशत की भारी गिरावट का सामना करना पड़ा है। बीती तिमाही में कंपनी ने 205.6 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी ने 565 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।
40 हजार गाड़ियों का उत्पादन कम
कंपनी ने बीएसई को दी सूचना में बताया है कि आलोच्य अवधि में उसकी कुल बिक्री 7,663.6 करोड़ रुपये रही, जो कि इसके पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के 9,277 करोड़ रुपये की तुलना में 17.4 प्रतिशत कम है। कंपनी ने कहा है कि माणेसर संयंत्र में कर्मचारियों की लंबी चली हड़ताल की वजह से मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 40 हजार गाड़ियों का उत्पादन कम हुआ।
31,160 गाड़ियों का निर्यात किया गया
इस अवधि में घरेलू बाजार में कंपनी ने कुल 2,11,803 गाड़ियां बेचीं, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह संख्या 2,99,527 रही थी। आलोच्य अवधि में कंपनी ने कुल 27,725 गाडियों का निर्यात किया, जबकि पिछले वित वर्ष समान अवधि में कुल 31,160 गाड़ियों का निर्यात किया गया था। कुल मिलाकर दिसंबर 2011 की तिमाही में कंपनी ने 2,39,528 गाड़ियां बेचीं, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बेची गई कुल 3,30,687 गाड़ियों की तुलना में 28 प्रतिशत कम है।
0
खबर पर अपनी राय दें