कार निर्माता कंपनी निसान ने अपनी कारों के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने अपनी हैचबैक कार माइक्रा और सेडान सन्नी के डीजल और पेट्रोल वर्जन की कीमतों में 0.56 प्रतिशत से 2.09 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। बढ़ी हुई कीमतें 20 जनवरी से लागू होंगी। कंपनी के मुताबिक नई कीमतें लागू होने के साथ ही माइक्रा के तीन पेट्रोल वर्जन 3,000 रुपये और दो डीजल वर्जन 12,000 रुपये महंगे हो जाएंगे।
पेट्रोल वर्जनों की कीमत 5,000 रुपये बढ़ाई
इसी के साथ सन्नी के तीन पेट्रोल वर्जनों की कीमत 5,000 रुपये बढ़ाई गई है। कंपनी ने हाल में ही लांच सन्नी के डीजल वर्जन की कीमतों में कोई इजाफा नहीं किया है। कंपनी की भारतीय इकाई के प्रबंध निदेशक किमिनोबू तोकुयामा ने बताया कि कंपनी को गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का फैसला बढ़ती उत्पादन लागत और रुपये में कमजोरी के चलते बढ़ानी पड़ रही है। हमने ग्राहकों को ग्लोबल क्वालिटी की कारें उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के साथ कीमतों में कम से कम बढ़ोतरी का विकल्प अपनाया है। कंपनी ने सन्नी का डीजल वर्जन इसी माह बाजार में पेश किया है, जबकि सन्नी के पेट्रोल वर्जन को सितंबर 2011 में भारतीय बाजार में उतारा गया था।
0
खबर पर अपनी राय दें